Thursday, 10 July 2014

अच्छे नंबर लाना है तो खेलो-कूदो..!

अच्छे नंबर लाना है तो खेलो-कूदो..!
Webdunia
ND
दौड़ने-कूदने से शरीर तो स्वस्थ रहता ही है, मस्तिष्क पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। नीदरलैंड में किए गए एक अनुसंधान में पाया गया है कि जो बच्चे खेलकूद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, वे परीक्षा में अंग्रेजी, गणित आदि विषयों में बेहतर अंक भी लाते हैं। यह अनुसंधान बारह हजार बच्चों पर किया गया था।

निष्कर्ष के तौर पर कहा गया कि शारीरिक कसरत से मस्तिष्क में रक्त व ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ जाती है। इससे मस्तिष्क पढ़ाई के लिहाज से भी तरो-ताजा रहता है। साथ ही कसरत से ऐसे हार्मोनों का स्त्राव होता है जो तनाव दूर करते हैं और मूड बेहतर बनाते हैं।

ND
ये सभी कारक मस्तिष्क को चुस्त-दुरुस्त रखते हैं। यही नहीं, मनोविश्लेषकों ने पाया है कि जो बच्चे खेलकूद में भाग लेते हैं, उनमें इसी बहाने नियम-कायदों का पालन करने की आदत भी पड़ जाती है। यह आदत स्कूल में बेहतर व्यवहार तथा पढ़ाई में भी काम आती है।

तो अब उस जुमले को विदा करने का वक्त आ ही गया है कि 'पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे हो जाओगे खराब'। जब खेलकूद पढ़ने-लिखने में मददगार हो तो बात तो यही हुई ना कि आपके दोनों हाथों में लड्डू हो सकते हैं...!

No comments:

Post a Comment